हल्द्वानी। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। डॉ. सुशीला तिवारी (एसटीएच) अस्पताल में उपचार के दौरान एक 76 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। महिला को पहले गंभीर निमोनिया और ऑक्सीजन की कमी की शिकायत के चलते उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद से रेफर कर हल्द्वानी लाया गया था।
अस्पताल में भर्ती के बाद डॉक्टरों ने लक्षणों को देखते हुए विभिन्न जांच कराईं। जांच के दौरान कोविड संक्रमण की पुष्टि होने पर मरीज को तुरंत अलग वार्ड में भर्ती कर दिया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी करती रही और स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने एहतियात बढ़ा दिए। संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई ताकि आवश्यक निगरानी और स्वास्थ्य संबंधी प्रोटोकॉल का पालन कराया जा सके।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन बुजुर्गों, पहले से बीमार लोगों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का उपयोग, हाथों की नियमित सफाई और सर्दी-खांसी जैसे लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है।



