गुरुग्राम में दिल दहला देने वाला कांड: पत्नी और चार बच्चों को जहर देकर मार डाला, आरोपी ने की खुदकुशी की कोशिश

Spread the love

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले के वजीरपुर गांव से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां नाजिम नाम के व्यक्ति पर अपनी ही पत्नी और चार मासूम बच्चों की हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि उसने सभी को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। एक ही घर से पांच शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक, नाजिम ने अपनी पत्नी (करीब 35 वर्ष) और चार बच्चों (14, 12, 10 और 8 साल) को जहर दे दिया। जहर का असर इतना तेज था कि पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसियों के अनुसार, परिवार सामान्य जीवन जी रहा था और पहले कभी किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी।

खुदकुशी की कोशिश, अस्पताल में भर्ती आरोपी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी नाजिम ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

यूपी का रहने वाला था आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाजिम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का निवासी था और गुरुग्राम में किराए के मकान में रह रहा था। वह सैलून चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

गुरुग्राम पुलिस के PRO संदीप के अनुसार, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी जारी है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

एक साथ पांच लोगों की मौत से पूरे वजीरपुर गांव में शोक की लहर है। खासकर मासूम बच्चों की मौत ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक पिता ने इतना खौफनाक कदम उठा लिया।