देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। दिनभर चटख धूप खिलने से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भी ठंड कम महसूस हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज (रविवार) प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री अधिक बना रह सकता है। हालांकि, आगामी 27 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे सोमवार के बाद पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
शनिवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन में गर्माहट महसूस की जा रही है। ऊधमसिंह नगर में पारे में हल्की गिरावट आने लगी है, जबकि पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग का कहना है कि सप्ताह के मध्य तक तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

