हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे रोडवेज चालक की तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग भी दहल उठे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के जैंती क्षेत्र के कुंज गांव निवासी 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल वर्तमान में गौलापार के पश्चिमी खेड़ा में अपने परिवार के साथ रहते थे। अजय काठगोदाम रोडवेज डिपो में चालक के पद पर कार्यरत थे। रविवार को वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। जब वह घर के नजदीक पहुंचे तो चोरगलिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजय करीब 30 मीटर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने का प्रयास किया और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास तलाश अभियान चलाया। बाद में आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया तथा कैंटर को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक ने केवल टक्कर ही नहीं मारी, बल्कि वाहन को पीछे कर दोबारा कुचल दिया। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है और मेडिकल तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अजय सिंह कुंजवाल की मौत ने उनके परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। अपने पीछे वह पत्नी, दो बेटियों, एक बेटे और वृद्ध मां को छोड़ गए हैं। सबसे मार्मिक बात यह है कि उनकी मां पहले ही एक बेटे को सड़क हादसे में खो चुकी थीं। वर्ष 2008 में अजय के बड़े भाई वीरेंद्र कुंजवाल की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस समय परिवार को सहारा देने के लिए अजय को आश्रित कोटे के तहत नौकरी मिली थी। अब अजय की असमय मौत के बाद परिवार एक बार फिर गहरे दुख और अनिश्चितता के दौर में पहुंच गया है।
हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से अंकुश लगाने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

