उत्तराखंड के दो शहरों ने राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रुद्रपुर को स्वच्छ हिमालयी शहरों की श्रेणी में पहला स्थान मिला है, जबकि काशीपुर को प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में सम्मान के लिए चुना गया है। दोनों नगर निकायों की इस उपलब्धि से प्रदेश की शहरी स्वच्छता व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर और काशीपुर के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे नगर निकायों के कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों और जागरूक नागरिकों की सामूहिक मेहनत है। सरकार स्वच्छता को केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा विषय मानकर आगे बढ़ रही है।
स्वच्छता पर 1,375 करोड़ की कार्ययोजना
शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने करीब 1,375 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत घरों से कूड़ा एकत्र करने, उसके परिवहन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार के मुताबिक प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं और शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है।
पुराने कचरे के निस्तारण के बाद करीब 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग के योग्य बनाया गया है। वहीं, हरिद्वार में कुंभ-2027 को देखते हुए डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है, जिससे सफाई और कचरा उठान की व्यवस्था पर नजर रखी जा सकेगी।
43 मानकों पर हुई शहरों की परीक्षा
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में देश के 4,751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया। इसके लिए कचरे का पृथक्करण, घर-घर कूड़ा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालय, सीवरेज व्यवस्था, सफाई कर्मचारियों का कल्याण और नागरिकों की प्रतिक्रिया सहित 43 मानक निर्धारित किए गए थे। ऐसे में रुद्रपुर और काशीपुर का चयन प्रदेश के अन्य नगर निकायों के सामने भी बेहतर प्रदर्शन की चुनौती और अवसर दोनों रखता है।



