सितारगंज। ऑनलाइन गेम के जरिए हुई दोस्ती एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को घर से करीब एक हजार किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश तक ले गई। 16 जून को घर से लापता हुई किशोरी को नानकमत्ता पुलिस ने करीब दो महीने बाद हिमाचल प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे कथित तौर पर बहला-फुसलाकर साथ ले जाने के आरोप में 19 वर्षीय हर्ष ठाकुर उर्फ निखिल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक किशोरी के स्वजन ने उसके लापता होने के बाद तलाश शुरू की। 25 जून को कोतवाली नानकमत्ता में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और विवेचना उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत को सौंपी गई।
जांच में सामने आया कि किशोरी की आरोपित युवक से पहचान ऑनलाइन गेमिंग के दौरान हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रानिक सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए सुराग जुटाए। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में दबिश देकर किशोरी को बरामद किया गया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार हर्ष ठाकुर उर्फ निखिल मूल रूप से हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में उत्तम नगर, दिल्ली में रह रहा था। आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



