गहरे पानी में समाया किशोर, अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें

Spread the love

देवाल (चमोली)। देवाल विकासखंड में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 12वीं कक्षा के छात्र की नदी में डूबने से मौत हो गई। छात्र अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार हाटकल्याणी गांव निवासी 17 वर्षीय आयुष सिंह, पुत्र गजेंद्र सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज देवाल में कक्षा 12वीं का छात्र था। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ कैल नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नदी में बने एक गहरे तालाबनुमा हिस्से में तीनों युवक उतरे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान आयुष अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाते हुए गांव के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

स्थानीय निवासी नीरज मिश्रा ने साहस दिखाते हुए गहरे पानी में उतरकर आयुष को बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार आयुष की मृत्यु अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद हाटकल्याणी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। आयुष की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने नदी और जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा युवाओं से सावधानी बरतने की अपील की है।