हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र के ब्रह्मपुर जट गांव में 13 वर्षीय तन्नू के लापता होने का मामला सामने आया है। उसकी मां रीटा ने अपने पति धनेश्वर उर्फ तोता और उसके दोस्त आशीष उर्फ घोल्ला पर बेटी को जबरन घर से ले जाने और उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
मामले की कहानी करीब डेढ़ महीने पहले शुरू होती है। तन्नू अपने मामा के घर कल्लरपुर कछौली, जिला मुजफ्फरनगर गई थी और वहां करीब डेढ़ महीने रहने के बाद वापस अपने गांव ब्रह्मपुर जट लौटी। मां रीटा के मुताबिक, बेटी के घर लौटने के बाद उसके पिता धनेश्वर का रवैया बदल गया। वह तन्नू पर शक करने लगा और उसे किसी लड़के से बात करने की बात कहकर नाराज रहता था।
फिर आया 16 अगस्त, जब तन्नू ने अपने पिता के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर अपनी फोटो अपलोड कर दी। मां का आरोप है कि बेटी की यह फोटो देखकर धनेश्वर बुरी तरह नाराज हो गया। उसी शाम वह अपने दोस्त आशीष उर्फ घोल्ला के साथ घर पहुंचा। दोनों ने शराब पी और रात में घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसके बाद अगले दिन तड़के करीब चार बजे वह घटना हुई, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया। रीटा के अनुसार, धनेश्वर और आशीष तन्नू को जबरन घर से बाहर ले जाने लगे। घर में हलचल की आवाज सुनकर रीटा और उसकी बेटी राधिका जाग गईं। दोनों ने तन्नू को ले जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि धनेश्वर और आशीष उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
करीब एक घंटे बाद दोनों वापस घर लौटे। मां ने जब अपनी बेटी के बारे में पूछा तो रीटा का आरोप है कि धनेश्वर ने कहा कि तन्नू ने परिवार को बदनाम किया था और उसे मार दिया गया है। महिला का यह भी आरोप है कि उसे धमकाया गया कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसे भी जान से मार दिया जाएगा।
बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर रीटा आखिरकार पुलिस के पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। उसने अपने पति को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज होने का भी आरोप लगाया है।
मंगलौर कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।



