एटीएम में पासबुक अपडेट करा रहे थे पूर्व सैनिक, तभी पास आकर खड़ी हुईं दो महिलाएं… कुछ देर बाद थैला कटा मिला और 50 हजार रुपये गायब!

Spread the love

हल्द्वानी। एसबीआई की मुख्य शाखा के एटीएम परिसर में पूर्व सैनिक बहादुर सिंह के साथ शातिराना तरीके से 50 हजार रुपये की चोरी का मामला सामने आया है।

बहादुर सिंह 14 सितंबर को पेंशन के 50 हजार रुपये निकालकर रकम प्लास्टिक के थैले में रख चुके थे। इसके बाद वह एटीएम परिसर में पासबुक अपडेट कराने पहुंचे। इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास आईं। बताया गया है कि एक महिला उनसे सटकर खड़ी हो गई। पूर्व सैनिक ने उसे हटकर खड़े होने को भी कहा।

कुछ देर बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं। पासबुक अपडेट कराने के बाद जब बहादुर सिंह ने थैला देखा तो उनके होश उड़ गए। थैला कटा हुआ था और उसमें रखे 50 हजार रुपये गायब थे। घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध महिलाओं की पहचान और तलाश में जुटी है।