रुद्रपुर। शहर में एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब युवाओं ने एक रेस्टोरेंट पर गलत नाम से रजिस्ट्रेशन कर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, एक युवक ने मोबाइल एप के जरिए चिकन बिरयानी का ऑर्डर किया था। ऑर्डर के बाद उसे संदेह हुआ कि जिस नाम से रेस्टोरेंट दिखाया जा रहा है, त्रिशूल चौक क्षेत्र में उस नाम की कोई दुकान मौजूद नहीं है। शक होने पर उसने अपने साथियों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद कुछ युवक मौके पर पहुंच गए और डिलीवरी राइडर का इंतजार करने लगे। जैसे ही डिलीवरी राइडर वहां पहुंचा और उसने संबंधित रेस्टोरेंट संचालक से बिरयानी ली, तभी मौजूद युवाओं ने उसे रोक लिया और विरोध शुरू कर दिया। युवाओं का आरोप था कि रेस्टोरेंट संचालक ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हिंदू नाम से रजिस्ट्रेशन कर रखा है, जिससे ग्राहकों को गुमराह किया जा रहा है।
देखते ही देखते मौके पर हंगामा शुरू हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विवाद बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को बिगड़ने से रोका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर रेस्टोरेंट संचालक को हिरासत में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। कोतवाली रुद्रपुर के एसएसआई अनिल जोशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यह घटना अब सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

