हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: पूर्व सैनिक और शिक्षक की कैंटर की चपेट में आकर मौत

Spread the love

हल्द्वानी। रामपुर रोड पर शुक्रवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक और राजकीय विद्यालय में तैनात शिक्षक की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब वह बाइक से घर लौट रहे थे। आगे चल रहे एक कैंटर से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे कैंटर की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोट लगी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 2:20 बजे रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास, नीब करौरी धर्म कांटे के सामने हुई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय शमशेर सिंह रौतेला के रूप में हुई, जो हल्दूचौड़ क्षेत्र के गंगापुर कबडाल के निवासी थे। बताया गया कि वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे कैंटर से उनकी बाइक टकरा गई और वह सड़क पर गिर पड़े। गिरते समय उनका हेलमेट भी सिर से अलग हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर गिरने के तुरंत बाद विपरीत दिशा से हल्द्वानी की ओर आ रहे दूसरे कैंटर की चपेट में वह आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। गंभीर अवस्था में उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

सेना से सेवानिवृत्ति के बाद बने शिक्षक

शमशेर सिंह रौतेला मूल रूप से बागेश्वर जिले के क्वेराली गांव के रहने वाले थे। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने शिक्षा विभाग में सेवा शुरू की। वर्तमान में वह अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, धानाचूली में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे।

हादसे से पहले वह हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित राजकीय शिक्षक संघ की शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अपने पीछे वह पत्नी बिमला रौतेला, बेटी अंजली और बेटे आयुष को छोड़ गए हैं। बेटी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही है, जबकि बेटा 12वीं कक्षा का छात्र है। 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।