केन्या के गर्ल्स हॉस्टल में दर्दनाक हादसा, आग में 16 छात्राओं की मौत, कई घायल

Spread the love

पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या के एक गर्ल्स बोर्डिंग स्कूल में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मध्य केन्या के गिलगिल क्षेत्र स्थित उतुमिषी गर्ल्स स्कूल के हॉस्टल में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें 16 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 79 से अधिक छात्राएं घायल बताई जा रही हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार आग हॉस्टल भवन में लगी, जहां उस समय बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और छात्राओं को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

https://www.facebook.com/share/v/14i6EkjagAz/

बताया जा रहा है कि स्कूल में 800 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं और यह संस्थान केन्या पुलिस सेवा के प्रबंधन में संचालित होता है। प्रारंभिक जांच में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हॉस्टल के निकासी मार्ग समय पर पूरी तरह नहीं खोले जा सके, जिससे कई छात्राएं अंदर फंस गईं।

केन्या के शिक्षा मंत्रालय ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि स्कूल में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। वहीं मृतक छात्राओं की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

गौरतलब है कि केन्या में स्कूल हॉस्टलों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इससे पहले वर्ष 2024 में भी एक स्कूल में आग लगने से कई छात्रों की जान चली गई थी।