देहरादून। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। अब महंगी कोचिंग और दूर-दराज के शहरों में जाकर तैयारी करने की मजबूरी कम होने वाली है। राज्य सरकार जल्द ही ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ शुरू करने जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना को पहले ही मंजूरी दे चुके हैं। अब योजना के विधिवत शुभारंभ की तारीख तय की जानी है। शुभारंभ के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ ही शासकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी।
इसमें UPSC और PSC, CDS, बैंकिंग, रेलवे, SSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ-साथ CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाओं की तैयारी भी शामिल होगी।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के सामने अक्सर बेहतर कोचिंग संस्थानों तक पहुंच बड़ी चुनौती रहती है। इसके अलावा निजी कोचिंग की फीस भी कई विद्यार्थियों के लिए आर्थिक बोझ बन जाती है।
ऐसे में सरकार की यह योजना खासतौर पर उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं। ऑनलाइन माध्यम से उन्हें घर बैठे अध्ययन सामग्री, मार्गदर्शन और कोचिंग का लाभ मिल सकेगा।



