रुद्रपुर। 15 अगस्त की रात रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस कांस्टेबल की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। पुलिस लाइन में जहां पुलिसकर्मी 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे थे, वहीं पंतनगर रोड पर गश्त के दौरान बाइक सवार कांस्टेबल भुवन आर्या की बाइक अचानक एक बैल से टकरा गई। टक्कर के दौरान बैल का सींग उनके सीने में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सेंटर प्वाइंट होटल के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक कांस्टेबल की पहचान 41 वर्षीय भुवन आर्या के रूप में हुई है। वह 2009 बैच के कांस्टेबल थे और कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तैनात थे। मूल रूप से मित्रपुरम, जोहार ज्योति, दमुवाढूंगा, हल्द्वानी, नैनीताल के निवासी भुवन आर्या ड्यूटी के दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
घटना की सूचना पुलिस ने उनके परिजनों को दी। इसके बाद उनके पिता, छोटे भाई कमल चंद्र आर्या समेत अन्य परिजन पहुंचे। भुवन आर्या तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके परिवार में सात वर्ष का एक पुत्र भी है।
ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।



