अल्मोड़ा से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। विवेकानंदपुरी क्षेत्र में रहने वाले यूकेडी नेता मोहित साह के परिवार में सोमवार को खुशियों का माहौल था। दंपति अपनी शादी की 18वीं सालगिरह मनाने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि घर में इस खास दिन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और केक भी मंगाया गया था।
सोमवार सुबह मोहित साह अपने 13 वर्षीय बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान घर में मौजूद उनकी पत्नी लता साह के साथ यह दुखद घटना हो गई। आसपास के लोगों ने घर से धुआं उठता देखा और चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे। लोगों ने दरवाजा तोड़कर लता साह को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
38 वर्षीय लता साह एक महाविद्यालय में योग प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से तनाव में थीं। बताया जा रहा है कि करीब 25 दिन पहले भी उन्होंने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उपचार मिलने से उनकी जान बच गई थी।
सोमवार को जिस घर में शादी की सालगिरह की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां कुछ ही घंटों में मातम छा गया। पत्नी की मौत की खबर सुनकर मोहित साह बेसुध हो गए, जबकि बेटे का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है और जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

