बागेश्वर के जंगल में महिला की संदिग्ध मौत, गुलदार के हमले की आशंका

Spread the love

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की कांडा तहसील के बाझीरौट (खड़खेत) गांव के जंगल में मंगलवार को मवेशी चराने गई 48 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया गुलदार के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, कमला देवी, पत्नी पूरन राम, गांव के अन्य परिवारों के मवेशियों के साथ जंगल में चराई के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक उनकी चीख सुनाई दी। आवाज सुनकर उनके पति पूरन राम और पास में बकरियां चरा रहे पंकज राम मौके पर पहुंचे तो कमला देवी गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़ी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने घटनास्थल से एक गुलदार को भागते हुए भी देखा। उस समय तेज बारिश और घना कोहरा होने के कारण वह कुछ ही देर में नजरों से ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

मृतका अपने पीछे पति और चार बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं। परिवार में दो बेटियों की शादी हो चुकी है, बड़ा बेटा बाहर रहता है, जबकि सबसे छोटा बेटा अभी अविवाहित है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला गुलदार के हमले जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही निकाला जाएगा। वहीं वन विभाग ने भी हर पहलू से जांच करने की बात कही है।