गाजियाबाद। सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को शनिवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर खोड़ा क्षेत्र में पहुंचा था। सूचना मिलने पर पहले से घेराबंदी कर रही पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही असद ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें असद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद की है। हालांकि, असद के साथ मौजूद उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक असद सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी की मौत के बाद पुलिस अब फरार बचे आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, मृतक के परिजनों ने इसे न्याय की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए बाकी आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई है।
बकरीद के दिन हुई थी सूर्या की हत्या
17 वर्षीय सूर्या चौहान की बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कुछ युवक सूर्या पर हमला करते दिखाई दिए थे। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग उठाई थी।
पैसे लेकर फरार होने की तैयारी में था असद
पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार चल रहा असद अपने एक परिचित से पैसे लेने के लिए खोड़ा आने वाला है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह पैसे लेने के बाद शहर छोड़कर भागने की योजना बना रहा था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही असद अपने साथी के साथ बाइक पर वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया और इसके बाद मुठभेड़ की घटना हुई।

