पिथौरागढ़। सीमांत जिला पिथौरागढ़ के बीसाबजेड़ गांव से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 19 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मामी/नानी के घर से सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी किए गए गहनों को बेचकर दोनों ने एक सेकेंड हैंड कार तक खरीद ली और जिले से फरार होने की तैयारी में थे।
जाजरदेवल थानाध्यक्ष मनोज पांडेय के अनुसार, गांव निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बहू की अलमारी से मंगलसूत्र, झुमके, नथ और मांग टीका चोरी हो गए हैं। महिला को अपनी ही नातिन पर शक था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को सातशिलिंग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि युवती का खटीमा के श्रीपुर बिछुवा निवासी अमित बोरा से पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने मिलकर ही चोरी की पूरी साजिश रची। कुछ दिन पहले युवक पिथौरागढ़ पहुंचा और फिर दोनों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवती पहले भी अपनी नानी के बैंक खाते से पैसे निकालकर प्रेमी को दे चुकी थी। इसी वजह से परिवार को पहले से उस पर संदेह था। चोरी के बाद दोनों ने गहने बेचकर मिली रकम से एक सेकेंड हैंड अल्टो कार खरीद ली, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
थानाध्यक्ष के मुताबिक, मामले में बीएनएस की धारा 305 के साथ ही साक्ष्यों के आधार पर धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस घटना ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। लोग इसे न सिर्फ एक आपराधिक वारदात, बल्कि रिश्तों में विश्वास टूटने की बड़ी मिसाल के रूप में देख रहे हैं।

