देहरादून। राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है। उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड बनाया है। भाजपा की प्रांतीय परिषद की बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भट्ट के निर्वाचन की घोषणा की। भट्ट भाजपा के 10वें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। संगठन के लिए बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए पार्टी हाईकमान ने यह संदेश दिया है।
मंगलवार को औपचारिक घोषणा के साथ ही केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व ने महेंद्र भट के नाम पर सहमति दी। प्रदेश अध्यक्ष पद पर नामांकन की प्रक्रिया में केवल भट्ट का ही नामांकन हुआ था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा भी मौजूद। अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री धामी और भट्ट की जोड़ी पर आ गई है। भट्ट के पिछले कार्यकाल में भाजपा ने कई चुनावों में सफलता हासिल की। भट्ट को 30 जुलाई 2022 को बदली परिस्थितियों में प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई थी।
प्रदेश अध्यक्ष के लिए मौजूदा अध्यक्ष भट्ट के नामांकन पत्र में अन्य प्रस्तावकों के तौर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल व डा कल्पना सैनी, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी व सुबोध उनियाल, पूर्व विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, विनोद कंडारी, राम सिंह कैड़ा, दिलीप रावत व बृजभूषण गैरोला समेत अन्य नेताओं ने हस्ताक्षर किए।
सूत्रों की माने तो प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए महेन्द्र भट्ट मुख्यमंत्री की पसंद भी थे। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री धामी व संगठन की पसंद का ख्याल भी रखा है। अब मुख्यमंत्री धामी व प्रदेश अध्यक्ष भट्ट की जोड़ी को इसी माह होने वाले पंचायत चुनाव की परीक्षा में सफल होना है, जिसके बाद विधानसभा चुनाव 2027 में हैट-ट्रिक लगाने की चुनौती है।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह समेत आठ वरिष्ठ नेताओं का चुना गया है। आज मंगलवार को प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के निर्वाचित होने का औपचारिक ऐलान किया।
अब तक ये रहे प्रदेश अध्यक्ष
नाम कार्यकाल
पूरन चंद शर्मा 2000-2002
मनोहर कांत ध्यानी 200-2004
भगत सिंह कोश्यारी 2004-2007
बची सिंह रावत 2007-2009
बिशन सिंह चुफाल 2009-2013
तीरथ सिंह रावत 2013-2015
बंशीधर भगत 2020-2021
मदन कौशिक 2021 2022
महेंद्र भट्ट 30 जुलाई 2022 से अब तक
