रुद्रप्रयाग। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) मंगलवार सुबह प्रातः 8:45 बजे बाबा केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान केदारनाथ के दर्शन कर विशेष रुद्राभिषेक पूजन किया तथा विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और उत्तराखंड के सतत विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।
धाम पहुंचने पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने वीआईपी हेलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल पैदल मार्ग से मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान केदारनाथ का अभिषेक, पूजन-अर्चना कर प्रदेश के नागरिकों की खुशहाली और उन्नति की कामना की।
राज्यपाल ने मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहित समाज से भेंट की। पुरोहितों ने पारंपरिक मंत्रोच्चारण और पूजा-विधि के साथ उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने इसे अत्यंत आध्यात्मिक एवं भावनात्मक अनुभव बताते हुए कहा कि “केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है, यहां के पर्वतों में भगवान शिव की उपस्थिति का अनुभव होता है।”
पूजन उपरांत उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और ‘बोलो बाबा केदारनाथ की जय’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण ने उन्हें बताया कि अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष अंतिम चरण में हैं। राज्यपाल ने कहा कि बीते तीन वर्षों में यात्रा प्रबंधन और पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य सहयोगी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में अनुकरणीय कार्य किया है।
राज्यपाल को अवगत कराया गया कि तीर्थ पुरोहितों के लिए भवन निर्माण का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है और भूमि व भवन आवंटन से जुड़े सभी मुद्दों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने इस समन्वित प्रयास के लिए मंदिर समिति और जिला प्रशासन की विशेष प्रशंसा की।
राज्यपाल ने केदारनाथ में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों से भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा अनुभव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रत्येक कर्मचारी को निष्ठा और सेवाभाव से कार्य करना चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, मुख्य कार्याधिकारी मंदिर समिति विजय थपलियाल, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला, अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, महामंत्री राजेन्द्र तिवारी, मंत्री अंकित प्रसाद सेमवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं तीर्थ पुरोहितगण उपस्थित रहे।

