उत्तराखंड में चारधाम यात्रा मार्ग पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी जिले के मुनिकीरेती क्षेत्र में गूलर के पास मंगलवार तड़के यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में आठ यात्रियों की मौत और 26 लोगों के घायल होने की सूचना है। बस हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बस में करीब 30 यात्री सवार थे। सुबह लगभग 5:30 बजे गूलर के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं।
दुर्गम स्थान पर बस गिरने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग के जवानों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। सड़क तक पहुंचाए गए घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ के अनुसार, रेस्क्यू अभियान के दौरान कई यात्रियों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
घायलों की शुरुआती सूची में झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली और उत्तराखंड के यात्रियों के नाम सामने आए हैं। इनमें तीन वर्षीय बच्ची आयरा और 26 वर्षीय नूर जहां भी शामिल हैं। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग और चमोली के निवासी भी घायल हुए हैं।



