हल्द्वानी में स्मैक की खेप पहुंचाने के बाद तस्कर डिलीवरी की तैयारी में जुटा था। सड़क किनारे खड़े होकर बैग खोलकर स्कूटी सवार को स्मैक दिखाई जा रही थी। सौदे की यह प्रक्रिया पूरी होती, उससे पहले ही पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार भाग निकला, लेकिन बैग लेकर खड़ा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तलाशी में उसके बैग से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बुलंदशहर से स्मैक लाने और हल्द्वानी में मुलचंद नाम के व्यक्ति को इसकी डिलीवरी देने की बात बताई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को मंडी चौकी पुलिस और एसओजी की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास पानी की टंकी से करीब 100 मीटर आगे होडा तिराहे की ओर सड़क किनारे एक व्यक्ति बैग खोलकर स्कूटी सवार को कुछ दिखाता मिला। पुलिस टीम को देखकर स्कूटी सवार मौके से फरार हो गया। वहीं बैग लेकर खड़े व्यक्ति ने भी भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सतीश कुमार निवासी ग्राम गालतीबगर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर के रूप में बताई। उसने बताया कि वह बुलंदशहर में एक अज्ञात व्यक्ति से स्मैक लेकर आया था और इसे हल्द्वानी में मुलचंद नाम के व्यक्ति को देना था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार स्कूटी सवार और स्मैक लेने वाले बताए गए मुलचंद की तलाश की जा रही है।



