देहरादून। डालनवाला क्षेत्र में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की सीलिंग कार्रवाई के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। आखिरकार लोक शांति भंग होने की आशंका पर एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार करना पड़ा।
स्थित कृष्णा कॉलोनी (कोरोनेशन अस्पताल के पीछे वाली गली) में सोमवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की ओर से कथित अवैध निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात था।
इसी बीच किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला और कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर ही एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने और विवाद समाप्त कराने का भरसक प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष नहीं माने। लगातार बढ़ते विवाद और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।
डालनवाला कोतवाली पुलिस ने लोक शांति भंग होने की आशंका के आधार पर एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
क्या था मामला?
कृष्णा कॉलोनी में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण कथित अवैध निर्माण को सील करने की कार्रवाई कर रहा था। इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष शांत नहीं हुए, जिसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें अनुराधा सिंह, चंद्र प्रताप सिंह, वर्तमान निवासी कृष्णा कॉलोनी और राजीव यादव, निवासी बंजारावाला, सागर कुमार, निवासी चुखुवाला शामिल हैं।


