चमोली जिले में बदरीनाथ-जोशीमठ मार्ग पर गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बदरीनाथ धाम से हरिद्वार लौट रही झारखंड के श्रद्धालुओं से भरी बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। स्थिति गंभीर होती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिससे वाहन रुक गया और दर्जनों यात्रियों की जान बच गई।
घटना बिनाकुली गांव के पास हुई। सूचना मिलते ही आईटीबीपी के जवान मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस में सवार श्रद्धालु बदरीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
चालक की सतर्कता और आईटीबीपी की त्वरित कार्रवाई के चलते किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। सुरक्षित बचने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और बचाव दल का आभार जताया।
गौरतलब है कि चारधाम यात्रा मार्गों पर हाल के दिनों में ब्रेक फेल होने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। कुछ दिन पहले टिहरी जिले में भी यात्रियों से भरी एक बस ब्रेक फेल होने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, हालांकि उसमें भी बड़ा नुकसान टल गया था।

