कांग्रेस ने जय हिन्द सभा में बोला केन्द्र सरकार पर हमला

Spread the love

हल्द्वानी। कांग्रेस ने रविवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में सेना के पराक्रम और वीरता के सम्मान में ‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन किया। सभा में मुख्य अतिथि कांग्रेस के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल (सेनि.) रोहित चौधरी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने भाजपा सरकार पर पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद भारतीय सेना के मनोबल को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बीच में लाकर सीजफायर की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले में खुफिया तंत्र नाकाम रही। चौधरी ने कश्मीर के राज्यपाल व गृह मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की। सभी में डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर का मजाक उड़ाते हुए विरोध भी दर्ज किया गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने केंद्र सरकार पर भारतीय सैनिकों की जान खतरे में डालने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा ने ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर सेना के राजनीतिकरण किया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सेना की तारीफ करते हुए कहा कि पहलगाम हमले के बाद सेना ने जिस पराक्रम का प्रदर्शन किया, वह अद्वितीय था। हल्द्वानी के विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि हम ट्रंप की गुलामी बर्दाश्त नहीं करेंगे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों का सम्मान किया।