
हल्द्वानी। कमलुवागांजा मार्ग पर सड़क हादसे में घायल नर्सिंग छात्रा कंचन पांडे (23) की उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि 14 सितंबर की रात कॉलेज से घर लौटते समय अचानक सड़क पर आए निराश्रित कुत्ते को बचाने के प्रयास में उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई थी। हादसे में कंचन के सिर पर गंभीर चोट आई थी।
लामाचौड़ निवासी कंचन निजी महाविद्यालय में बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थीं। पढ़ाई के साथ उनकी महिला अस्पताल में ड्यूटी भी लगती थी। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात वह स्कूटी से घर लौट रही थीं। कमलुवागांजा मार्ग पर अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के लिए उन्होंने ब्रेक लगाया, इसी दौरान स्कूटी सड़क पर फिसल गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। कंचन को मुखानी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। 16 सितंबर की देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उनके पिता भगवती प्रसाद शिक्षा विभाग में लिपिक हैं। मां भावना पांडे और बड़े भाई गौरव पांडे हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिया। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा के सिर पर गंभीर चोट आई थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।




