बनभूलपुरा में बरसाती नाले से हटा अतिक्रमण, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर अभियान

Spread the love

हल्द्वानी। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में बरसाती नाले पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में लाइन नंबर-1 क्षेत्र में नाले के ऊपर बने स्थायी कब्जों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर दुकानों, मकानों के आगे बने हिस्सों और नाले पर बनी सीढ़ियों को भी ध्वस्त किया गया।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार एक माह पहले सर्वे के बाद करीब 70 लोगों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय बीतने के बावजूद कई लोगों ने कब्जे नहीं हटाए, जिसके बाद कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने स्वयं भी अतिक्रमण हटा लिया है, जबकि शेष स्थानों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम के मुताबिक केमू रोड से ईदगाह होते हुए गुजरने वाला बरसाती नाला कई स्थानों पर अतिक्रमण की चपेट में आ गया था। कहीं नाले के ऊपर दुकानें बना दी गई थीं तो कहीं कमरों का निर्माण कर दिया गया था। कई जगह सीढ़ियां बनाकर भी नाले की चौड़ाई कम कर दी गई थी। इससे बरसात के समय पानी की निकासी बाधित होने और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी।

अभियान के दौरान एक मकान का आगे का हिस्सा हटाते समय भवन का पिछला भाग भी प्रभावित होने लगा। इस पर मकान स्वामी ने शेष हिस्से को स्वयं हटाने के लिए समय मांगा, जिसे अधिकारियों ने स्वीकार कर लिया। वहीं एक अन्य स्थान पर परिवार के सदस्य की बीमारी का हवाला देकर कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया गया, लेकिन प्रशासन ने पूर्व में पर्याप्त समय दिए जाने का हवाला देते हुए अभियान जारी रखा।

नगर निगम का कहना है कि बरसाती नालों को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। सर्वे पूरा होने के बाद जिन स्थानों पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि मानसून के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे और लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।