घर बचाने निकली महिला बनी जंगल की आग का शिकार, झुलसकर दर्दनाक मौत

Spread the love

गोपेश्वर/टिहरी। जंगल की आग बुझाने गई एक महिला की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर विकासखंड अंतर्गत पैंडुला गांव निवासी अंजू देवी (50) घर से करीब 150 मीटर दूर जंगल की ओर से बस्ती की तरफ बढ़ रही आग को रोकने गई थीं। आग बुझाने के दौरान वह उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार देर रात तक महिला के घर नहीं लौटने पर खोजबीन की गई, तब घटना का पता चला। बताया जा रहा है कि अंजू देवी अपने घर और आसपास के क्षेत्र को आग से बचाने के प्रयास में लगी थीं, लेकिन तेज लपटों ने उन्हें घेर लिया।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।