नैनीताल में खाकी पर दाग! महिला से छेड़छाड़ के आरोपितों से 18 हजार लेकर छोड़ने का आरोप

Spread the love

हल्द्वानी। नैनीताल में पर्यटकों की मनमानी के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ज्योलीकोट में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में पकड़े गए चार पर्यटकों को कार्रवाई के बजाय कथित तौर पर 18 हजार रुपये लेकर छोड़ने का मामला सामने आया है। मामला एसएसपी तक पहुंचा तो पुलिस महकमे में कार्रवाई हुई और चौकी इंचार्ज समेत एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया।

मामला ज्योलीकोट क्षेत्र का है। आरोप है कि स्कार्पियो सवार चार पर्यटकों ने एक महिला के साथ छेड़छाड़ की। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने वायरलेस से सूचना प्रसारित की और वाहन को रानीबाग के पास रोक लिया। आरोप है कि चारों पर्यटकों को ज्योलीकोट चौकी लाया गया, लेकिन कानूनी कार्रवाई करने के बजाय कथित तौर पर 18 हजार रुपये लेकर मामला खत्म कर दिया गया।

जब क्षेत्रवासियों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कथित तौर पर ऑनलाइन माध्यम से 18 हजार रुपये वापस किए गए। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका।

सोशल मीडिया पर मामला सामने आने और शिकायत एसएसपी मंजूनाथ टीसी तक पहुंचने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। एसएसपी के अनुसार, महिला से छेड़छाड़ के आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई के बजाय रुपये के लेनदेन की शिकायत मिली थी और ऑनलाइन भुगतान से इसकी पुष्टि हुई। इसके बाद ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा और कांस्टेबल धमेंद्र साहनी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।