खुर्पाताल में गुजरात नंबर की थार खाई में गिरी, पांच युवक-युवतियां घायल; दो गंभीर

Spread the love

नैनीताल। नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर खुर्पाताल के पास शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुजरात नंबर की एक थार अनियंत्रित होकर मनसा देवी मंदिर के समीप सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवक और तीन युवतियां घायल हो गए। इनमें एक युवक और एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थार संख्या GJ-18-BK-9777 कालाढूंगी से नैनीताल की ओर आ रही थी। खुर्पाताल स्थित मनसा देवी मंदिर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। वाहन कुछ दूरी नीचे जाकर अटक गया। गनीमत रही कि थार खाई से आगे झील में नहीं गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दुर्गम खाई में रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पांच घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल नैनीताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान निधि श्रीवास्तव (22), गोरखपुर-नोएडा; शिवेंद्र श्रीवास्तव (25), निधि के भाई; लिवांशु (20), राजस्थान; ऐश्वर्या (21), जयपुर और पिंकी (21), कानपुर के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शिवेंद्र श्रीवास्तव और ऐश्वर्या को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग कैंची धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब नैनीताल में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी हुई है। पहाड़ी मार्ग पर वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।