हाथ में बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराना पड़ा भारी, चार युवक गिरफ्तार; दो नाबालिग भी मिले

Spread the love

हल्द्वानी। हल्द्वानी के दो नहरिया रोड पर बाइक से हुड़दंग करते हुए राहगीरों को डराने और सड़क पर बेल्ट लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं जांच के दौरान दो नाबालिगों की भी पहचान हुई, जिन्हें पुलिस ने संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मामला 14 अगस्त की शाम का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सड़क पर हुड़दंग करते दिखाई दे रहे थे। आरोप है कि युवक हाथों में बेल्ट लहराकर सड़क से गुजर रहे लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे थे। 

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के लिए अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में दो नाबालिगों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने दोनों को संरक्षण में लेकर उनकी काउंसलिंग कराई और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार युवकों में से एक युवक शराब के नशे में था। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बाइक सीडी डीलक्स/प्लैटिना बताई गई है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसके वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी बाइक रॉयल एनफील्ड है, जिसका पंजीकरण नंबर UK04AS-4102 बताया गया है।