हल्द्वानी। कोचिंग सेंटर के बाहर दो छात्रों के बीच हुआ विवाद उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब मारपीट के आरोपी किशोर की मां अपने बेटे को लेकर कोतवाली पहुंची और पुलिस के सामने ही उसकी हरकत पर नाराजगी जताते हुए उसे चप्पल से पीट दिया। कुछ देर तक कोतवाली में यह घटनाक्रम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
पुलिस के अनुसार जेल रोड-हीरानगर क्षेत्र का एक छात्र और बरेली रोड क्षेत्र का दूसरा छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। शनिवार शाम दोनों नबाबी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने पहुंचे थे। कोचिंग के बाहर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बरेली रोड निवासी छात्र ने अपने कुछ साथियों के साथ दूसरे छात्र के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद पीड़ित छात्र शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा। रविवार को पुलिस आरोपी छात्र को कोतवाली ले आई।
जब आरोपी छात्र की मां को घटना की जानकारी मिली तो वह भी कोतवाली पहुंच गईं। बेटे की हरकत से नाराज मां ने पुलिस की मौजूदगी में ही उसे चप्पल से पीट दिया। इस दौरान कोतवाली में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और मामला चर्चा का विषय बन गया।
बाद में पीड़ित पक्ष के मान जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। मामले में पुलिस की कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद विवाद समाप्त हो गया।



