रुड़की। रुड़की में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेना से सेवानिवृत्त एक पूर्व सैनिक को लगभग एक किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हाल ही में सेना से रिटायर हुआ था। पुलिस का दावा है कि वह पंजाब से नशे की खेप लेकर रुड़की पहुंचा था और इसे स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचाने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि पंजाब से नशे की खेप लाकर रुड़की में सप्लाई की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और संभावित स्थानों पर नजर रखी। सोमवार शाम सूचना मिली कि एक व्यक्ति कार में सवार होकर लाठरदेवा अंडरपास के पास किसी को नशीला पदार्थ देने आने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदिग्ध कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से करीब 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरविंदर सिंह निवासी जिला तरनतारण (पंजाब) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह यह खेप पंजाब के एक तस्कर से लेकर आया था। पुलिस के अनुसार आरोपी इसी वर्ष 31 मार्च को सेना के बीईजी सेंटर, रुड़की से सेवानिवृत्त हुआ था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और नशे की खेप किसे सौंपी जानी थी। साथ ही पंजाब के उस कथित तस्कर की भी जानकारी संबंधित एजेंसियों और पंजाब पुलिस से साझा की जा रही है, जिससे यह खेप लाई गई थी।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं पर की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास है कि आरोपी पहली बार इस तरह की गतिविधि में शामिल हुआ या किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा था। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकता है।
फिलहाल पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास जारी है।


