क्रिकेटर शशांक सिंह और रिटायर्ड आईपीएस पिता शैलेश सिंह पर कुक से मारपीट का आरोप, भोपाल में एफआईआर दर्ज

Spread the love

भोपाल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता, रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी शैलेश सिंह के खिलाफ घरेलू रसोइए से कथित मारपीट और बंधक बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर भोपाल के रातीबड़ थाना पुलिस ने दोनों के साथ उनके ड्राइवर को भी आरोपी बनाया है और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह मामला रातीबड़ थाना क्षेत्र के मेंदोरी गांव स्थित आवास से जुड़ा है। शिकायत रीवा जिले के रहने वाले 31 वर्षीय विपेंद्र सिंह तोमर ने दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें एक परिचित के माध्यम से 15 हजार रुपये मासिक वेतन, रहने-खाने की सुविधा और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर काम पर रखा गया था।

शिकायत में कहा गया है कि काम शुरू करने के कुछ ही समय बाद भोजन की गुणवत्ता को लेकर उन्हें लगातार डांटा गया और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। विपेंद्र का आरोप है कि घर का माहौल ठीक नहीं लगने पर जब उन्होंने नौकरी छोड़कर रीवा लौटने की इच्छा जताई तो उन्हें जाने से रोक दिया गया।

पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया ताकि वे किसी से संपर्क न कर सकें। उन्होंने बताया कि खुद को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने एक कमरे में बंद कर लिया, लेकिन आरोप है कि शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह और ड्राइवर ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर उनके साथ मारपीट की।

पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में शिकायतकर्ता के शरीर पर चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है।

रातीबड़ थाना पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

https://www.facebook.com/share/v/1Ginbxab2N/

फिलहाल इस मामले में आरोपियों की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।