बागेश्वर में तेज बारिश और आंधी में मकान पर गिरा चीड़ का पेड़, छह महिलाएं घायल

Spread the love

बागेश्वर। कांडा तहसील क्षेत्र के बनेगांव में मंगलवार शाम तेज बारिश और आंधी के दौरान एक विशाल चीड़ का पेड़ आवासीय मकान पर गिर गया। हादसे के समय बंशीधर कांडपाल के घर में पूजा-अनुष्ठान चल रहा था। मौसम खराब होने के कारण कई लोग घर के भीतर मौजूद थे। इसी दौरान पेड़ मकान पर गिर गया, जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया और छह महिलाएं घायल हो गईं।

घायलों में दीपा देवी (39) पत्नी भास्कर पांडेय, प्रेमा देवी (50) पत्नी रमेश चंद्र, हंसी देवी (55) पत्नी पूरन चंद्र, तुलसी देवी (48) पत्नी बंशीधर कांडपाल, मीना देवी (36) पत्नी गोविंद बल्लभ और लीला देवी (50) पत्नी दिनेश चंद्र शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान कुंती देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता बोरा तथा सूरज कुमार ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, पूजा-अनुष्ठान के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया था। तेज हवाओं और बारिश के बीच चीड़ का पेड़ मकान पर गिर गया। हादसे में मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।