गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में श्रीराम कथा महायज्ञ में केवट-श्रीराम मिलन प्रसंग ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर

Spread the love

खेतीखान/बांजगांव। गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, बाँजगांव खेतीखान में आयोजित नव दिवसीय श्रीराम कथा महायज्ञ के पांचवें दिन कथा पंडाल भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर रहा। कथा व्यास पूज्य नकुल पंत महाराज ने भगवान श्रीराम और भक्त केवट के मिलन प्रसंग का मार्मिक वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम और समर्पण का संदेश दिया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

कथा व्यास ने कहा कि केवट-श्रीराम मिलन केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि सच्ची भक्ति और निस्वार्थ सेवा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार केवट ने भगवान श्रीराम के चरण धोकर उन्हें अपनी नाव में बैठाया, वह भक्त और भगवान के अटूट प्रेम का प्रतीक है। वहीं भगवान श्रीराम ने भी केवट के निष्काम सेवा भाव को स्वीकार कर समाज को समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया।

धार्मिक आयोजन गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के महंत 108 मुनेश्वर गिरी महाराज एवं महंत यमुना गिरी महाराज के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। कथा स्थल पर जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी तथा दर्जा मंत्री मुकेश मेहराना भी कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने कथा व्यास नकुल पंत महाराज, महंत मुनेश्वर गिरी महाराज और महंत यमुना गिरी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक संस्कार और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। वहीं दर्जा मंत्री मुकेश मेहराना ने कथा आयोजन को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए लोगों से अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।

कथा महायज्ञ में नो बुगा फड़का क्षेत्र सहित बाँजगांव, बायल बूग, सुजानगांव, तपनीपाल, मारागांव, कड़वाल गांव, कमलेख, मनर तल्ला, गम्भीर गांव और बटुलबाज सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।