चलती राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग, बड़ा हादसा टला

Spread the love

राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसा मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में आलोट और लूणीरिच्छा रेलवे स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। आग ट्रेन के बी-1 एसी कोच में लगी थी, जिसमें करीब 68 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि रेलवे स्टाफ और आरपीएफ की सतर्कता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जा रही राजधानी एक्सप्रेस रतलाम जंक्शन से रवाना होने के बाद अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान गार्ड ने बी-1 कोच से धुआं उठता देखा और तुरंत इसकी सूचना लोको पायलट को दी। सूचना मिलते ही ट्रेन को तत्काल रोका गया।

रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ और स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते पूरा कोच आग की लपटों में घिर गया। कुछ ही देर में कोच लगभग पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल की राहत एवं तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं। आसपास के रेलवे स्टेशनों से भी कर्मचारियों को बुलाया गया। एहतियात के तौर पर ट्रेन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया, जिससे आग अन्य डिब्बों तक नहीं फैल सकी।

इस हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को रोका गया, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन देरी से हुआ। रेलवे प्रशासन ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।