इंदौर की रहने वाली एक बीबीए छात्रा ने अपने साथ 14 वर्षों तक कथित तौर पर हुए मानसिक, शारीरिक और धार्मिक शोषण का सनसनीखेज खुलासा किया है। युवती का आरोप है कि फेसबुक पर हुई दोस्ती ने उसकी जिंदगी को ऐसा मोड़ दिया, जहां उसे धर्म परिवर्तन, मदरसों में रहने की मजबूरी, जबरन निकाह और हलाला जैसी यातनाओं से गुजरना पड़ा।
पीड़िता के अनुसार साल 2012 में उसकी दोस्ती फेसबुक पर नवीन राणा नाम के युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ी और युवक ने शादी का भरोसा देकर उसे अपने विश्वास में ले लिया। बाद में पता चला कि युवक का असली नाम नावेद था। युवती का आरोप है कि उसे दिल्ली बुलाकर सुनियोजित तरीके से मुजफ्फरनगर के एक मदरसे में पहुंचा दिया गया, जहां उसकी बाहरी दुनिया से संपर्क लगभग खत्म कर दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि मदरसे में उस पर इस्लामिक रीति-रिवाज सीखने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। सुबह चार बजे नमाज के लिए उठाया जाता था और कुरान पढ़ने के लिए मजबूर किया जाता था। विरोध करने पर खाना तक नहीं दिया जाता था। युवती ने दावा किया कि वहां कई हिंदू लड़कियां मौजूद थीं, लेकिन उन्हें आपस में बातचीत तक नहीं करने दी जाती थी। उसने बताया कि वह ब्राह्मण परिवार से है और उसे जबरन नॉनवेज खाना तक दिया गया।
एक के बाद एक निकाह, फिर हलाला
पीड़िता के आरोपों के मुताबिक बाद में उसका निकाह उससे काफी अधिक उम्र के अब्दुल रहमान नामक व्यक्ति से करा दिया गया। उसने मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। भागने की कोशिश करने पर उसे फिर दूसरे मदरसों में भेजा गया।
युवती का कहना है कि बाद में जयपुर और गुजरात समेत कई जगहों पर उसे रखा गया और अलग-अलग लोगों से निकाह कराए गए। उसने आरोप लगाया कि तलाक के बाद उससे हलाला भी करवाया गया।
लोनी निवासी खालिद हुसैन पर भी युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि खालिद ने खुद को अविवाहित बताकर शादी की, जबकि वह पहले से शादीशुदा था। बाद में तलाक देकर हलाला के लिए दबाव बनाया गया और कथित तौर पर अपने रिश्तेदार के साथ हलाला करवाया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
लोनी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी खालिद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक, रेप, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।

