हल्द्वानी। घरों में रोजाना इस्तेमाल होने वाला दूध अब महंगाई का एक और झटका देने जा रहा है। आंचल दुग्ध संघ ने दूध और दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। 20 नवंबर से लागू होने वाली नई दरों के बाद उपभोक्ताओं को दूध के लिए पहले से अधिक कीमत चुकानी होगी। गाय के दूध से लेकर स्टैंडर्ड और डबल टोंड दूध तक के दाम दो से तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। वहीं पनीर और क्रीम की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। इसका सीधा असर उन परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा, जिनके घरों में रोजाना कई लीटर दूध की खपत होती है।
नई दरों के अनुसार आंचल गाय का दूध 58 से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर, शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क 60 से 63 रुपये और डबल टोंड दूध 54 से 56 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। यानी रोजाना दो लीटर गाय का दूध खरीदने वाले परिवार को महीने में करीब 120 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। वहीं दो लीटर स्टैंडर्ड दूध लेने पर यह अतिरिक्त खर्च 180 रुपये तक पहुंचेगा।
छह लीटर के आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क पैक की कीमत 426 से बढ़ाकर 450 रुपये कर दी गई है। शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क का छह लीटर पैक 355 के बजाय 372 रुपये में मिलेगा। आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है। सबसे अधिक 50 रुपये की बढ़ोतरी एक किलो क्रीम के पैक पर की गई है, जिसकी कीमत अब 580 रुपये होगी।
इससे पहले 12 नवंबर को अमूल, मदर डेयरी समेत अन्य दुग्ध कंपनियों ने भी कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल की नई दरें लागू होने से उपभोक्ताओं को स्थानीय ब्रांड के उत्पादों के लिए भी अधिक कीमत चुकानी होगी। सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा के अनुसार संशोधित मूल्य सूची 20 नवंबर से प्रभावी होगी।




