हादसे के बाद एक्शन में सरकार, गूलर बस दुर्घटना की जांच के आदेश; पीड़ित परिवारों को मिलेगी आर्थिक मदद

टिहरी जिले के गूलर में हुए बस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटना में यात्रियों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद राज्य सरकार ने हादसे की जांच कराने के साथ प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचे और वहां भर्ती घायलों से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को घायलों के उपचार में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर घायलों को एक लाख रुपये और सामान्य घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत भी पात्र प्रभावितों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस मंगलवार सुबह मुनिकीरेती क्षेत्र के गूलर के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे के बाद पुलिस और बचाव दलों ने अभियान चलाकर यात्रियों को बाहर निकाला। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी और आरटीओ देहरादून को दुर्घटना के कारणों की जांच करने और प्रभावितों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg