हल्द्वानी। शहर के मुखानी क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल है। पीड़िता की ओर से दी गई नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एक आरोपी के छात्र राजनीति से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने उसकी राजनीतिक पृष्ठभूमि की पुष्टि नहीं की है। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, मामले में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को नामजद किया गया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विवेचना महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में होटल में बिना सत्यापन कमरा दिए जाने को लेकर भी सवाल उठे हैं। इस पर एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई होटल संचालक बिना आवश्यक सत्यापन के कमरा उपलब्ध कराता है तो उसके खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि संबंधित मामले में किसी होटल की भूमिका सामने आई है या नहीं। पुलिस की जांच में इस पहलू की स्थिति स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा।
चार नामजद आरोपियों में से एक के छात्र नेता होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस अधिकारी ने फिलहाल इस संबंध में जानकारी होने से इन्कार किया है। ऐसे में मामले की विवेचना के साथ आरोपियों की भूमिका, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच अहम होगी। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।



