देहरादून। नशे की लत इंसान को किस हद तक संवेदनहीन बना सकती है, देहरादून में सामने आई यह वारदात रिश्तों को झकझोर देने वाली है। शराब के लिए रुपये नहीं मिले तो 35 वर्षीय बेटे का गुस्सा इस कदर बेकाबू हुआ कि वह अपने ही भांजे पर हमला करने दौड़ पड़ा। उसे रोकने के लिए 62 वर्षीय पिता बीच में आए तो बेटे ने उन्हीं पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिस पिता ने उसे जन्म दिया और जीवनभर संभाला, वही बेटा उनकी जान का दुश्मन बन गया। गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
दिल दहला देने वाली यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्रधारा रोड स्थित चलांग कुल्हान की है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम नितिन राणा अपने पड़ोस में रहने वाले भांजे ऋषभ रावत से नशा करने के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ ने रुपये देने से मना किया तो नितिन आपा खो बैठा। उसने दरांती उठाकर भांजे पर हमला करने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए ऋषभ वहां से भागने लगा। इसी दौरान नितिन के पिता मदन राणा ने बीच-बचाव करते हुए बेटे को रोकने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, पिता का रोकना बेटे को इतना नागवार गुजरा कि उसने चाकू से मदन राणा पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना सोमवार शाम करीब 7:15 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली थी।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी नितिन राणा को हिरासत में ले लिया गया। थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



