276 युवाओं को मिला सरकारी सेवा का अवसर, मुख्यमंत्री धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विभागों में चयनित 276 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके नए सफर की शुरुआत कराई। मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया।

नियुक्ति पाने वाले युवाओं में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और राज्य की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो उनकी प्रतिभा और समर्पण को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नकल और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून लागू किए गए हैं, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को उनकी मेहनत के आधार पर अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान प्रदेश में लगभग 33 हजार युवाओं को मेरिट और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के आधार पर सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने नवचयनित कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, विधायक खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और विधायक सविता कपूर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।