
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को हल्द्वानी में युवाओं के साथ संवाद कर उनके सामने मौजूद रोजगार, शिक्षा और पलायन जैसी चुनौतियों पर चर्चा की। युवाओं ने भी प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सरकार की योजनाओं के प्रभाव को लेकर सवाल और सुझाव रखे।
संवाद में पलायन का मुद्दा प्रमुखता से उठा। युवाओं ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में युवा उत्तराखंड से बाहर जा रहे हैं। इस पर नितिन नवीन ने कहा कि पलायन को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास पर भी जोर देना होगा।
उन्होंने युवाओं से अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट लक्ष्य तय करने और अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का आह्वान किया। उनका कहना था कि युवाओं की भूमिका केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि वे अपने कौशल के माध्यम से नए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी काम कर सकते हैं।
युवाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके धरातल पर असर से जुड़े अनुभव भी साझा किए। नितिन नवीन ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नए विचार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार की नीतियों में युवाओं की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को स्थान मिलना जरूरी है।




