
हल्द्वानी। हल्दूचौड़ में नेशनल हाईवे पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे में उसके पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हल्द्वानी से किच्छा की ओर जा रहे थे। गायत्री शक्तिपीठ के पास पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।
किच्छा के बंडिया क्षेत्र निवासी सुरेंद्र कुमार अपनी बेटी प्रेरणा के साथ स्कूटी से किच्छा जा रहे थे। बताया गया कि हल्दूचौड़ पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर गायत्री शक्तिपीठ के पास पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्री सड़क पर गिर गए। हादसे में 14 वर्षीय प्रेरणा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता सुरेंद्र कुमार घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और घायल सुरेंद्र को उपचार के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल डंपर और उसके चालक के संबंध में कार्रवाई की गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।




