एक पल में सामने आ गया गुलदार, हाथ में दराती लेकर डटी रही गीता, शोर मचा तो जंगल की ओर भागा

Spread the love

बागेश्वर। शाम का वक्त था और घर के पास गीता देवी रोज की तरह घास काट रही थीं। तभी झाड़ियों की ओट में छिपा गुलदार अचानक उनके सामने आ गया। संभलने का मौका भी नहीं मिला और गुलदार ने उनके पैर पर हमला कर दिया। लेकिन हमले के बाद जो हुआ, उसने गीता देवी को बचने का मौका दे दिया।

घटना गरुड़ क्षेत्र के दर्शानी गांव की है। 40 वर्षीय गीता देवी ने घबराकर पीछे हटने के बजाय हाथ में पकड़ी दराती से गुलदार का सामना किया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख गुलदार वहां से भाग गया।

घायल गीता देवी को परिजन सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली।

पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी समेत अन्य लोगों ने अस्पताल पहुंचकर गीता देवी का हालचाल जाना। घर के पास ही गुलदार के हमले की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब लोगों की नजर वन विभाग की आगे की कार्रवाई पर है।