
खटीमा में बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि युवती के पिता के सिर पर चारपाई के डंडे से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पिता ने गोरखपुर एम्स ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
मामला खेतलसंडा खाम गांव का है। पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाला परिवार काम के सिलसिले में गांव में रह रहा था। 27 सितंबर को युवती ने गांव के संजय और उसके भाई सुभाष पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पिता रोहित ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान संजय और सुभाष ने रोहित के सिर पर चारपाई के डंडे से वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए गोरखपुर एम्स लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पिता की मौत के बाद युवती की शिकायत पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों भाइयों को खेतलसंडा खाम स्थित पुराने रेलवे फाटक के पास से पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों वहां से फरार होने की तैयारी में थे।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद किया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




