ऑनलाइन हायर हुआ ‘मददगार’ निकला लुटेरा, डिनर में नशा मिलाकर भाजपा पार्षद के घर से लाखों उड़ाए

Spread the love

देहरादून के घर में परिवार के सदस्य साथ बैठकर खाना खा रहे थे, लेकिन डिनर के बाद अचानक सभी की तबीयत बिगड़ गई। जब तक परिवार संभल पाता, घर में काम करने वाला घरेलू सहायक नकदी और लाखों रुपये के जेवर लेकर गायब हो चुका था। देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर हुई इस वारदात से पुलिस भी सकते में है।

मामला वार्ड संख्या 36 विजय पार्क का है। परिजनों के मुताबिक, घरेलू सहायक को करीब 20 से 25 दिन पहले एक ऑनलाइन एजेंसी के माध्यम से काम पर रखा गया था। आरोप है कि 29 सितंबर की रात भोजन में नशीला पदार्थ मिलाया गया। खाना खाने के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके भांजे और छोटे दामाद की हालत बिगड़ गई। कुछ समय बाद वे बेहोशी की स्थिति में पहुंच गए।

इसी दौरान घरेलू सहायक घर से नकदी और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गया। बुधवार सुबह घटना का पता चलने के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। अमिता सिंह की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। 

पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच के साथ घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को कुछ फुटेज मिले हैं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की बात कही गई है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

अब पुलिस की जांच का फोकस उस घरेलू सहायक पर है, जिसे कुछ ही सप्ताह पहले ऑनलाइन एजेंसी के जरिए घर में काम पर रखा गया था। पुलिस उसके मोबाइल नंबर, पहचान संबंधी दस्तावेज, एजेंसी से मिले रिकॉर्ड और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।