सपा की बैठक में मंच पर तकरार: सांसद और विधायक के बीच तीखी बहस का वीडियो वायरल, संगठन ने बताया ‘आंतरिक मतभेद’

Spread the love

उत्तर प्रदेश के बांदा समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान पार्टी की सांसद कृष्णा देवी पटेल और बबेरू विधायक विशम्भर यादव के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस होती दिखाई देती है, जिसके बाद मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को बीच-बचाव करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, बैठक में पहले विधायक विशम्भर यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद सांसद कृष्णा देवी पटेल बोलने के लिए खड़ी हुईं। इसी दौरान उन्होंने विधायक का जिक्र करते हुए उनकी शिकायत पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाने की बात कही। इस पर विधायक ने आपत्ति जताते हुए कहा, “देखिए, तमीज से बात करिए। बिना तथ्यों के आरोप मत लगाइए।” इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही।

https://www.facebook.com/share/r/1L9xRt8DSz/

स्थिति को बिगड़ता देख तत्कालीन जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों नेताओं को शांत कराया। इसके बाद बैठक सामान्य रूप से आगे बढ़ी।

बताया जा रहा है कि बैठक में मौजूद किसी कार्यकर्ता ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चर्चा यह भी है कि दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से राजनीतिक वर्चस्व को लेकर मतभेद चल रहे थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उधर, समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पूरे विवाद को सामान्य वैचारिक मतभेद बताया है। पूर्व जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा का कहना है कि बैठक के दौरान केवल विचारों का अंतर था, जिसे मौके पर ही सुलझा लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो का एक छोटा हिस्सा वायरल कर पूरे मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।

वहीं विधायक विशम्भर यादव ने भी इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि ऐसी चर्चाएं संगठन के भीतर होती रहती हैं और सभी मुद्दों का समाधान बातचीत से कर लिया जाएगा।

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर बांदा की राजनीति में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि पार्टी की ओर से इसे किसी बड़े विवाद के बजाय आंतरिक संवाद का हिस्सा बताया जा रहा है।