हवेली टूटी… और खुल गया सदियों पुराना राज! करोड़ों के कथित खजाने के गायब होने से मचा हड़कंप

Spread the love

जयपुर। क्या किसी सदियों पुरानी हवेली की दीवारों में वाकई खजाना छिपा था? जयपुर के परकोटे में सामने आया एक मामला इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। एक पुश्तैनी हवेली की तोड़ाई के दौरान कथित तौर पर सोने के कलश, चांदी की सिल्लियां और हजारों पुराने सिक्के मिलने का दावा किया गया है। लेकिन इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि यह कथित खजाना हवेली मालिक तक पहुंचने से पहले ही रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।

त्रिपोलिया बाजार के विद्याधर का रास्ता स्थित हवेली के मालिक राहुल सेठी ने आरोप लगाया है कि तोड़ाई का काम कर रहे ठेकेदार और उसके साथियों ने मलबे से निकली कीमती संपत्ति को आपस में बांट लिया। शिकायत के अनुसार, हवेली से 14 से 15 सोने के कलश, 40 से 45 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां और 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के मिलने का दावा किया गया है।

राहुल सेठी का कहना है कि काम शुरू होने से पहले ही साफ निर्देश दिए गए थे कि यदि खुदाई या मलबे से कोई भी कीमती वस्तु मिले तो उसकी जानकारी तुरंत परिवार को दी जाए। आरोप है कि ऐसा नहीं किया गया और पूरा मामला कई महीनों तक छिपा रहा। बाद में तोड़ाई में शामिल एक मजदूर ने कथित तौर पर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

हवेली मालिक ने 15 जुलाई को माणक चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दो वीडियो भी सौंपे हैं, जिनमें आरोपियों द्वारा कथित रूप से मिली संपत्ति का जिक्र होने का दावा किया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक कथित खजाने की बरामदगी या किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही यह साफ होगा कि सदियों पुरानी हवेली से सचमुच खजाना निकला था या यह दावा किसी और रहस्य की ओर इशारा करता है।